बिहार के बेतिया में शादी समारोह से घर लौटने के दौरान एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना बगहा पुलिस जिले के छेदी चौक स्थित बलुआ के सैनिक रोड पर हुई। मृतक की पहचान गोवर्धन थाना क्षेत्र निवासी देवनारायण महतो के बेटे मुन्ना महतो (45) के तौर पर की गई है। वहीं, घटना के बाद घटनास्थल पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित होकर युवक को टक्कर मारने वाली कार एक मुखिया की बताई जा रही है। आरोप लगाया जा रहा है कि मुखिया मामले में लीपा-पोती करने के चक्कर में जुटा हुआ है। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है।
मृतक के बेटे अक्षय कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि लक्ष्मीपुर ढोलबाजवा पंचायत के मुखिया प्रमोद उरांव की गाड़ी ने मेरे पिता जी को रौंद कर मौत के घाट उतार दिया है। अब मुखिया दबदबा बनाकर मामले में लीपा-पोती करने में लगे हुए हैं। वहीं, इस हादसे के बाद गुस्साए लोगों जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गाड़ी की अभी तक जब्ती नहीं हो पाई है। गाड़ी की पहचान की जा रही है।