फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: बेतिया में पुलिस और ग्रामीण आए आमने-सामने, घंटों होता रहा बवाल; दो युवकों से दुर्व्यवहार करने का आरोप

Sun, 16 Jun 2024 01:45 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेतिया

सार

Bettiah News: बेतिया में ग्रामीण शराब का अड्डा बंद कराने पहुंची पुलिस का विरोध करने पर उतारू हो गए, जिससे घंटों तक बवाल होता रहा। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया और मौके से निकल गई। लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस पर दो युवकों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। 
विज्ञापन
अवैध शराब का अड्डा बंद कराने पहुंची पुलिस का ग्रामीणों ने किया विरोध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के बेतिया में शनिवार की रात को पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने हो गए। इस बीच घंटों अफरातफरी का माहौल बना रहा। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस पर दो युवकों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना बगहा पुलिस जिले के सेमरा थानाक्षेत्र के जीतपुर बंजरिया गांव की है।

विज्ञापन

 
जानकारी के अनुसार, बीती रात को पुलिस जीतपुर बंजरिया गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि उक्त गांव में अवैध शराब निर्माण का अड्डा है। जहां गुप्त सूचना पर पुलिस की एक टीम गांव में पहुंची और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। पुलिस टीम दोनों युवकों से थोड़ी सख्ती से पेश आई, जिसको लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और ग्रामीण तथा पुलिस आमने-सामने हो गए। इस दौरान पुलिस को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मी निर्दोष युवकों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें विरोध करना पड़ा। वहीं, पुलिस का दावा है कि वे केवल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे थे और ग्रामीणों ने जानबूझकर माहौल को खराब किया।
विज्ञापन


हालांकि सेमरा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गांव में गई पुलिस टीम ने अपनी सूझ-बूझ का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिर ग्रामीणों को समझा-बुझा कर वहां से निकलने में सफलता पाई। सेमरा थानाध्यक्ष संपत कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
 
गौरतलब है कि जीतपुर बंजरिया गांव अवैध शराब निर्माण के लिए कुख्यात है। हालांकि पुलिस चाह रही है कि उस गांव से शराब के अड्डे को खत्म किया जाए। इसको लेकर लगातार जागरूकता अभियान भी चल रहा है और पुलिस ने धर पकड़ अभियान भी तेज कर दिया है। इसी कारण पुलिस उक्त गांव में सूचना के आधार पर अवैध शराब अड्डे को खत्म करने के लिए पहुंची हुई थी। जहां पर पुलिस को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें