बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सन सरैया गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो महीने से लापता एक युवक का कंकाल नहर से बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव के ही ललन महतो के 19 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने दी कंकाल मिलने की सूचना
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने देखा कि कुछ कुत्ते नहर से एक मानव कंकाल को खींच रहे थे। यह दृश्य अत्यंत विचलित कर देने वाला था। तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अमित कुमार के रूप में की।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मद्य निषेध विभाग के छापे से बचकर भागा शख्स तालाब में गिरा, डूबने से मौत; ग्रामीणों ने फूंका वाहन
प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप
अमित के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक का एक अन्य समुदाय की युवती से प्रेम संबंध था, जिसका विरोध युवती के परिजन कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि युवती के पिता और भाई ने ही इस संबंध के विरोध में अमित की हत्या कर दी और उसके शव को नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर युवती के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की पूरी साजिश को खंगालने में जुटी है।
परिजनों ने बताया कि अमित की गुमशुदगी की रिपोर्ट उन्होंने दो महीने पूर्व ही मुफस्सिल थाना में दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते खोजबीन होती, तो संभवतः अमित की जान बच सकती थी।
शव की हालत देख पोस्टमार्टम से किया इनकार
अमित का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था और केवल कंकाल शेष रह गया था। हालत इतनी खराब थी कि बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। शव को आगे की जांच और परीक्षण के लिए पटना मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- चाची से दरिंदगी: दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर हैवान बना युवक, पैर से मुंह दबाया; रॉड से किया घिनौना काम
गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बेतिया-नौतन मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियातन दोनों पक्षों के घरों के आसपास निगरानी बढ़ा दी है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने कहा कि इस मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुलिस जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वैज्ञानिक जांच और सबूतों के आधार पर कार्रवाई करेगी।