पुलिस ने किया तस्कर को गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में शराब तस्करी का एक अलग ही मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को घोड़े के साथ गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि तस्करी के लिए घोड़े का इस्तेमाल किया जा रहा था। SDPO बेतिया सदर 2 रजनीशकांत प्रियदर्शी ने बताया कि बीती रात नौतन थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि घोड़े के जरिए शराब की तस्करी हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
घोड़े पर सवार तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर एक व्यक्ति को घोड़े पर सवार देखा। उसे रोककर जब तलाशी ली गई तो घोड़े पर लदे सामान से करीब 21 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घोड़े को भी अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की तस्करी का मामला सामने आया हो। इससे पहले भी नौतन थाना क्षेत्र में घोड़े के जरिए शराब तस्करी का मामला पकड़ा जा चुका है। ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत घोड़े को जिम्मेनामा पर संबंधित व्यक्ति को वापस सौंप दिया जाता है।
पुलिस का सख्त रुख
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।