पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में एक दुकान में सामान खरीदने गई आठ वर्षीय बच्ची से दुकानदार ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। यह घटना पुरुषोत्तमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव की है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दुकानदार 20 वर्षीय लड्डू आलम उर्फ सैफुल्लाह है।
जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तमपुर थानाक्षेत्र के एक बाजार की एक दुकान में सामान खरीदने गई बच्ची के साथ दुकानदार ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़ित बच्ची जब अपने घर गई तो आपबीती सुनाई, तो परिजन दंग रह गए। उसके बाद पीड़ित बच्ची के परिजन आरोपी के पास पूछताछ करने गए तो आरोपी और उसके पिता ने उनसे गाली गलौज कर भगा दिया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, तो मौके पर पहुंची पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस ने आरोपी लड्डू उर्फ सैफुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया।
इधर, पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले में कांड दर्ज कर लिया गया है। आरोपी लड्डू आलम उर्फ सैफुल्लाह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए बेतिया भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़ित बच्ची के मामा ने आवेदन देकर बताया कि मेरी आठ वर्षीय भगिनी लड्डू उर्फ सैफुल्लाह की दुकान में घर का आवश्यक सामान खरीदने गई थी। उसी समय उसने उसके कपड़े खोलकर उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया है। मेरी भगिनी किसी तरह वहां से बचकर निकली तो मामले का खुलासा हुआ।