फोटो मझौलिया थाना - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के गांव में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नाबालिग की मां द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। उन्होंने बताया कि गांव का 45 वर्षीय ग्रहण मुखिया उनकी 14 वर्षीय बेटी को जबरन घर से खींचकर घर के पीछे ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब पीड़िता की मां ने इस बात को लेकर आरोपी से पूछताछ की, तो आरोपी ग्रहण मुखिया सहित कुल सात लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
ये भी पढ़ें-
पटना से मुजफ्फरपुर तक आग का कहर, टाटा वर्कशॉप, गोदाम और हार्डवेयर की दुकान राख, हुआ लाखों का नुकसान
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां से आवेदन प्राप्त हो गया है। आवेदन के आधार पर यह स्पष्ट है कि एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किया गया है और आरोपी सहित सात लोगों द्वारा पीड़ित परिवार के साथ मारपीट भी की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर मुख्य आरोपी ग्रहण मुखिया पर दुष्कर्म और अन्य छह लोगों पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मारपीट के आरोपियों में से एक आरोपी रामदेव मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दुष्कर्म के मुख्य आरोपी ग्रहण मुखिया और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पीड़िता नाबालिग को आवश्यक मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।