अस्पताल परिसर में हंगामा करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार रात को निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर बवाल किया। वहीं, परिजनों के बवाल को देखकर डॉक्टर अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। घटना जिले के लौरिया ब्लॉक चौक पर स्थित आराध्या हॉस्पिटल की है। मृत महिला की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के विश्वास गांव निवासी चुटून महतो की पत्नी संता देवी के रूप में की गई है। विवाहिता अपने मायके लौरिया थाना क्षेत्र के बसवरिया पराउटोला पंचायत के तीगछली गांव आई हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इतना ही नहीं घटना से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को महिला के शव को सड़क पर रखकर घंटों बवाल किया। इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आवागमन को बहाल किया। मृत महिला के देवर गुड्डू कुमार ने बताया कि वह अपनी भाभी का प्रसव कराने के लिए लौरिया स्थित आराध्या निजी क्लीनिक में लेकर गए थे। वहां डॉक्टरों ने कहा कि प्रसव कराने के लिए ऑपरेशन करना होगा और इसके लिए ₹35,000 देने होंगे। जब वह पैसे की व्यवस्था करने गए, तो उनकी भाभी को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर ऑपरेशन कर दिया गया। वापस आने पर देखा कि उन्हें बेतिया ले जाने के लिए एंबुलेंस में लादा जा रहा था। वहीं, अस्पताल के डॉक्टर भी मौजूद थे। लेकिन, उनकी भाभी की मौत हो गई थी।
मृत महिला के देवर गुड्डू कुमार ने बताया कि हम लोग बेतिया गए, जहां डॉक्टर दवा लेने के नाम पर गए और वहां से फरार हो गए। मृतका की बहन किरण देवी ने बताया कि डॉक्टर ने कहा कि आपकी बहन की बच्चेदानी फट गई है और बच्चेदानी का ऑपरेशन करके निकालना होगा। उन्होंने देखा कि काफी मात्रा में खून गिरा हुआ था। निजी अस्पताल के डॉक्टर उनकी बहन को लेकर बेतिया गए। उनके पूछने पर डॉक्टर ने कहा कि सब ठीक है। लेकिन डॉक्टर बेतिया से छोड़कर फरार हो गए।
इधर, अस्पताल संचालक इस मामले को रफा-दफा करने की नीयत से काफी मशक्कत कर रहे थे, लेकिन परिजनों के कड़े रुख अख्तियार करने के कारण मामला का सुलह-समझौता नहीं हो सका। वहीं, अस्पताल परिसर से डॉक्टर और उसके सारे कर्मी फरार हैं। बता दें कि पूर्व में भी लौरिया थाना में इसी संचालक पर एक मरीज की इलाज के दौरान लापरवाही के कारण मौत होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ चल रही है।
Lalu Yadav Health: राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद एम्स दिल्ली में भर्ती, CCU में बीपी-शुगर के साथ इस परेशानी पर नजर