घटनास्थल पर उमड़ी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मझौलिया महना नहर के समीप स्थित एक पोखरा में सोमवार सुबह युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान महोदीपुर पंचायत के खैरवा टोला वार्ड संख्या 1 निवासी जाकिर हुसैन के 20 वर्षीय पुत्र इरफान आलम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और कुछ ही देर में खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई।
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में शोक का माहौल
इरफान का शव मिलने की सूचना के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घर में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है।
रात में बरात जाने निकला था युवक
परिजनों के अनुसार, इरफान आलम रविवार रात एक बरात में शामिल होने के लिए घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद सोमवार सुबह पोखरा में उसका शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की प्रक्रिया
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोखरा से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू कर दी।
पढ़ें- Rohini Acharya: 'महिलाओं के प्रति मानसिक-वैचारिक कुंठा से ग्रस्त हैं नीतीश', विधानसभा में CM की किस बात पर भड़कीं रोहिणी?
इलाका सुनसान, कई तरह की आशंकाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखरा के आसपास का इलाका काफी सुनसान रहता है। ऐसे में घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि शव पर कपड़े नहीं थे, जिससे मामले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक की हत्या कर शव पोखरा में फेंका गया हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।