बेतिया जिले के मझौलिया प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार चौक पर सोमवार की सुबह अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई। चीनी मील के बाबू क्वार्टर के सामने स्थित मिठाई की दुकान में यह धमाका इतना जबरदस्त था कि देखते ही देखते तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं। हादसे में एक पुलिसकर्मी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय दुकानदार बृजलाल साह का पुत्र संदीप साह अपनी मिठाई दुकान पर सुबह मिठाई तैयार कर रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज से विस्फोट हो गया।
धमाके के बाद आग तेजी से फैली और पास ही आशीष कुमार की मिठाई दुकान तथा सुरेश साह की किराना दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। पलभर में तीनों दुकानें आग की लपटों में घिर गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी। मझौलिया थाना से अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान अग्निशमन वाहन चालक अविनाश कुमार, ग्रामीण मनीष कुमार उर्फ मोनू और जितेंद्र साह भी झुलस गए।
पढ़ें: ब्लेड से गाल काटकर किया जख्मी, नशे में धुत बड़े भाई ने छोटे भाई पर किया वार; आरोपी गिरफ्तार
चारों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मझौलिया भेजा गया, जहां से पुलिसकर्मी अविनाश कुमार को गंभीर स्थिति में बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना में करीब दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट होने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल का मुआयना किया और मझौलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार चौक पर अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे आग तेजी से फैल गई। घटना के बाद से इलाके में दहशत और गम का माहौल है।