आग लगने की घटना में सबकुछ जलकर हुआ राख
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में हुई आग लगने की घटना में 60 घर जलकर राख हो गए हैं। अलग-अलग घरों के कई सिलिंडर फटे, जिससे बम जैसे धमाके सी आवाज होती रही और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के वक्त लोग इधर-उधर भागते नजर आए। यह घटना बगहा पुलिस जिले के भितहा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बलुआड़वा राजवंशी टोला की है। जहां भीषण अग्निकांड में 60 से अधिक घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में दर्जनों बकरियां, अन्य मवेशी और कीमती सामान भी जल गए। बताया जा रहा है कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा टोला उसकी चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में जुट गए।
यह भी पढ़ें- Crime:सीवान में दिनदहाड़े बदमाशों ने हथियार के बल पर एमआर से चार लाख लूटे, बेटी की शादी के पैसे भी छीनकर भागे
सीओ मनोरंजन शुक्ला ने बताया कि राजस्व कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और दमकल की बड़ी गाड़ी भी मंगवाई गई है। प्रशासन ने अग्नि पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता देने का आश्वासन दिया है। उधर, सरपंच पति रामाशंकर यादव ने बताया कि इस अग्निकांड में ग्रामीणों का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की जा रही है।
वहीं, स्थानीय मुखिया जितेंद्र बैठा ने बताया कि आग गैस सिलिंडर फटने से लगी। एक घर में खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर में आग लग गई, जिसके बाद सिलिंडर फट गया और आग पूरे गांव में फैल गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब अन्य घरों में रखे गैस सिलिंडर भी धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आग बुझाना मुश्किल हो गया।
यह भी पढ़ें- Crime:जमशेदपुर के व्यापारी का नालंदा में अपहरण, पुलिस ने दो घंटे में छुड़ाया; पूर्व जवान-csp संचालक गिरफ्तार
इस भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। कपड़े, अनाज, नकद रुपये, नई बाइक और दो पशु भी जल गए। कई ग्रामीणों के झुलसने की खबर है। सभी परिवार बेघर हो गए हैं और उनके पास सिर छिपाने के लिए छत तक नहीं बची।