पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया के चनपटिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कैथवलिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर मिश्रौली चौक के पास हुई, जब महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार की जोरदार टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार और ट्रैक्टर के उड़ गए परखच्चे
चश्मदीदों के अनुसार, कार और ट्रैक्टर की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद तेज धमाके जैसी आवाज आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जीएमसीएच बेतिया पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज गंभीर स्थिति में चल रहा है। घायलों में मुनीलाल प्रसाद साहू के बेटे श्रीकांत कुमार सहित अन्य छह लोग शामिल हैं। घटना की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल में रो-रो कर बेहाल हो गए।
पुलिस ने जब्त किए दोनों वाहन
चनपटिया थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि हादसा कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डॉक्टरों की टीम घायलों की जान बचाने में जुटी है, लेकिन कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सतर्कता बरतने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।