बेतिया में एक होटल से 80 LPG सिलेंडर बरामद
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में जिला प्रशासन की एक बड़ी कार्रवाई ने पूरे जिले में हलचल मचा दी है। नगर क्षेत्र के वृंदावनवाला भोला इन होटल में जांच टीम के पहुंचते ही माहौल एकदम बदल गया। छापेमारी में करीब 80 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद हुए और सबसे बड़ी बात यह कि यह होटल बेतिया नगर निगम की मेयर गरिमा देवी सिकारिया का बताया जा रहा है।
होटल से बरामद हुए 80 सिलेंडर
जिला प्रशासन के निर्देश पर अधिकारियों की एक टीम होटल परिसर में पहुंची और गहन तलाशी ली। इस दौरान होटल में छुपाए गए करीब 80 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए जिसे देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी और स्थानीय लोग हैरान रह गए। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का मिलना नियमों के उल्लंघन की ओर साफ इशारा करता है।
2 घंटे में दस्तावेज नहीं देने पर एफआईआर
अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी जरूरी और वैध दस्तावेज 2 घंटे के भीतर प्रस्तुत किए जाएं। अगर तय समय में कागजात नहीं दिए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया का है होटल
सबसे चर्चित पहलू यह है कि यह होटल बेतिया नगर निगम की मेयर गरिमा देवी सिकारिया का बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद पूरे जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का बाजार गर्म हो गया। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और किसी भी व्यक्ति या पद को नियमों से ऊपर नहीं माना जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: 70 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों धराए लिपिक और स्टोनो, निगरानी टीम की बड़ी कार्रवाई
स्थानीय व्यापारियों में मची हलचल
इस छापेमारी के बाद स्थानीय व्यापारियों और होटल संचालकों में भी सतर्कता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी और नियमों का पालन सुनिश्चित होगा। फिलहाल प्रशासन की टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।