Vaishali News: वैशाली में हाजीपुर हॉस्पिटल रोड पर नवजात का शव मिलने के बाद वैशाली प्रशासन ने सख्ती दिखाई। डीएम के निर्देश पर 17 नर्सिंग होम की जांच हुई, एक सील किया गया, 15 को अनियमितताओं पर कारण बताओ नोटिस जारी हुआ।
वैशाली जिले में हाजीपुर हॉस्पिटल रोड क्षेत्र में पिछले दिनों नवजात शिशु का शव दो अलग-अलग स्थानों पर फेंका हुआ मिलने के बाद वैशाली जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने इलाके के नर्सिंग होम की सघन जांच शुरू की। इस दौरान कुल 17 नर्सिंग होम पर छापामारी की गई।
जांच में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक नर्सिंग होम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे सील कर दिया गया, जबकि 15 नर्सिंग होम में घोर अनियमितताओं के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।