मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले में अहम सुराग मिलने की संभावना है। मामले की जांच कर रही सीबीआई को सिकंदरपुर के श्मशान घाट में खुदाई के दौरान नरकंकाल मिला है। मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के ड्राइवर की निशानदेही पर जेसीबी से की जा रही खुदाई में मिले इस नरकंकाल की जांच के लिए सीबीआई नमूने जुटा रही है।
बालिका गृह यौन उत्पीड़न कांड में गिरफ्तार ब्रजेश ठाकुर के ड्राइवर विजय की निशानदेही पर हुई खुदाई में मिले नरकंकाल को सीबीआई ने कब्जे में लिया है और उसे जांच के लिए भेजने की तैयारी में है। मौके पर सीबीआई की टीम के साथ आरोपी ब्रजेश ठाकुर का ड्राइवर विजय भी मौजूद था। वैसे इस संदर्भ में पुलिस कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि बालिका गृह में लड़कियों की हत्या के बाद उन्हें दफनाने की जानकारी बालिका गृह की लड़कियों ने ही दी थी।
इसके बाद सीबीआई को रिमांड अवधि में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। सितंबर में ही कोर्ट ने इस केस के चार आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ा दी थी। अदालत ने हाल ही में गिरफ्तार की गईं बाल संरक्षण इकाई की निलंबित सहायक निदेशक रोजी रानी सहित मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के करीबी गुड्डू कुमार, विजय कुमार तिवारी और संतोष कुमार चारों आरोपियों की रिमांड 28 सितंबर तक लिए बढ़ाई थी।