मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ने आरोपी ब्रजेश ठाकुर की पत्नी और छह लोगों की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है। जिन लोगों की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया गया है वो सभी सेवा संकल्प समिति के हैं जो कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह चलाते थे।
बता दें कि गुरूवार को मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड मामले में साइस्ता परवीन उर्फ मधु व अश्विनी कुमार को सीबीआई ने रिमांड पर लिया। इस पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे हुए। इन्होंने सीबीआई अधिकारियों को उन अधिकारियों के नाम भी बताए हैं जो ब्रजेश ठाकुर को बचाने में मदद कर रहे थे। इनमें समाज कल्याण विभाग व स्थानीय पुलिस के कई स्थानीय पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
इसके बाद सीबीआई टीम समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। मधु ने सीबीआई को बताया कि ब्रजेश के खिलाफ कोई भी मुंह नहीं खोलता था। उसकी सरकारी संगठनों के अधिकारियों से गहरी पैठ थी। ब्रजेश के कारनामों का पता होने के बाद भी बाल कल्याण समिति और विभागीय अधिकारी चुप रहते थे।
साथ ही जांच के बाद भी वह बालिका गृह में सबकुछ ठीक होने की रिपोर्ट देते थे। इस सब खुलासे के बाद सीबीआई ऐसे अधिकारियों की जांच के लिए सूची तैयार कर रही है। मधु के बाद अब सीबीआई समाज क्लयाण समिति के अध्यक्ष दिलीप वर्मा की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।