जनसुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सीएम के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बुलेटिन जारी किया जाए, ताकि जनता को उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
शेखपुरा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि बीते दो वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यवहार और विचारों में असामान्यता देखी गई है। इसे लेकर बिहार के हर घर में चर्चा हो रही है। उनका कहना है कि सरकार और प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल मुख्यमंत्री को बचाने में लगे हुए हैं, लेकिन आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें जनता के सामने जवाब देना ही होगा।
यह भी पढ़ें- Bihar:तुम चुप रहो! विधान परिषद में अचानक राबड़ी पर बरस पड़े Cm नीतीश; बोले- ये पार्टी तुम्हारी नहीं है
'मुख्यमंत्री को लेकर सरकार बताए सच्चाई'
प्रशांत किशोर ने कहा कि एक साधारण सरकारी चपरासी की नियुक्ति के लिए भी स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी होता है, लेकिन बिहार जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही। उन्होंने सरकार से अपील की कि सीएम के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की आधिकारिक रिपोर्ट जारी की जाए, ताकि जनता को हकीकत का पता चल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कई अधिकारी इस सच्चाई को छिपाने में लगे हुए हैं, लेकिन जनता सब कुछ समझ रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
भाजपा और राजद दोनों पर साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने भाजपा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में लोगों को एक मजबूरी बना दी गई है कि वे या तो भाजपा के डर से राजद को वोट दें या राजद के डर से भाजपा को। उन्होंने दावा किया कि जनसुराज अभियान एक नया राजनीतिक विकल्प बनकर उभर रहा है, जो इन दोनों पार्टियों की साजिशों से जनता को मुक्त करेगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार के लोग एक नई सोच और नई राजनीति को अपनाएं।
'शराबबंदी सिर्फ नाम की, घर-घर हो रही होम डिलीवरी'
शराबबंदी कानून पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने शराब की दुकानें तो बंद कर दीं, लेकिन शराब की होम डिलीवरी धड़ल्ले से जारी है। इससे प्रशासन के कुछ अधिकारी अवैध कमाई कर रहे हैं, जबकि गरीब और आम जनता परेशान हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शराबबंदी को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए और भ्रष्ट अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
यह भी पढ़ें- पलायन रोको नौकरी दो यात्रा:कन्हैया कुमार बोले- बिहार में रोजगार के मौके खत्म कर दिए गए, जिससे अपराध बढ़ रहे
शेखपुरा में हुआ भव्य स्वागत
शेखपुरा पहुंचने पर प्रशांत किशोर का स्थानीय लोगों और जनसुराज समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने और उनका समर्थन करने पहुंचे। प्रेस वार्ता के दौरान जनसुराज अभियान से जुड़े कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।