मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र में रास्ता विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत औड़ाबगीचा पंचायत के खुशहालपुर मोहनपुर गांव में रास्ता विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में चल रहा है।
विज्ञापन
घायलों में एक पक्ष की मंजू देवी, राजेश कुमार और कृष्णा कुमार शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष की खुशी कुमारी भी गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं। बताया जा रहा है कि गांव में रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो अचानक उग्र रूप ले लिया।
दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। घायल मंजू देवी ने आरोप लगाया है कि सिकंदर यादव, राधे यादव, कारेलाल यादव, दारोगा यादव, ब्रजेश कुमार, बबलू यादव और रवि कुमार ने लोहे के डंडे से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
गांव में तनाव का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्क नजर बनाए हुए है।