पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर जिले के जमालपुर की रामपुर रेल कॉलनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान उसमें से कंकाल बरामद हुआ। यह घटना आदर्श थाना क्षेत्र की है। जहां खोरैयापट्टी के नाम से चर्चित इलाके में अवैध रूप से घर बना रहे लोगों द्वारा शौचालय की सफाई कराई जा रही थी। सफाई के दौरान टंकी से कंकाल मिलने की खबर तेजी से फैल गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस और एफएसएल टीम की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। डायल 112 की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया। कंकाल को एक बोरे में रखकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया और उसे थाने ले जाया गया। सदर एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में जमालपुर, ईस्ट कॉलोनी सहित कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ ने जानकारी दी कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कंकाल मानव है, किसी बच्चे का है या फिर जानवर का। उन्होंने कहा कि कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने बढ़ाई क्षेत्रवासियों की चिंता
सेप्टिक टैंक से कंकाल मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। रामपुर रेल कॉलोनी के निवासी इस घटना से सहमे हुए हैं। चारों ओर इस बात की चर्चा हो रही है कि आखिर यह कंकाल कहां से आया और यह किसका हो सकता है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने टंकी के आसपास के क्षेत्र से भी सबूत इकट्ठा किए हैं। हालांकि, अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
एसडीपीओ का बयान
सदर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि सेफ्टी टंकी से बरामद कंकाल के संबंध में जांच जारी है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह मानव का कंकाल है या जानवर का। कंकाल को फोरेंसिक लैब में भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होगी। उसके बाद ही हम आगे की कार्रवाई करेंगे।
स्थानीय निवासियों में भय और अफवाहें
इस घटना के बाद से क्षेत्र के निवासियों में डर और असमंजस की स्थिति है। कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं, जिससे पुलिस की जांच प्रभावित होने का खतरा है। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।