पुलिस ने नाबालिगों को हिरासत में लेकर परिजनों को सौंपा
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर जिले के टेटिया बंबर प्रखंड कार्यालय परिसर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कार्यालय की छत पर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। यह घटना उस समय उजागर हुई, जब करीब 11 बजे अपने काम से ब्लॉक पहुंचे कुछ लोगों को संदेह हुआ और वे छत पर पहुंचे।
मोबाइल वीडियो से फैला मामला
छत पर चारों को संदिग्ध अवस्था में देखकर लोग स्तब्ध रह गए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो फैलने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई।
पुलिस ने नाबालिगों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड कार्यालय के एक कर्मचारी ने टेटिया बंबर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जांच में सभी चारों के नाबालिग होने की बात सामने आई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ब्लॉक कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि जहां अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई सरकारी अधिकारी और कर्मचारी रोज मौजूद रहते हैं, वहां इस तरह की घटना होना व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें- Patna Airport: इंडिगो की कुछ फ्लाइट 15 दिसंबर तक रद्द, एयरपोर्ट डायरेक्टर बोले- अब हालात काफी हद तक सामान्य
परिजनों के सुपुर्द किए गए नाबालिग
हवेली खड़गपुर के डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि चारों नाबालिगों को थाने लाकर उनके परिजनों को बुलाया गया। परिजनों द्वारा किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
मामला सामने आने के बाद ब्लॉक कार्यालय की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।