मुंगेर में नालंदा की बेटियों का दमदार पैडल शो
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर में 26 और 27 सितंबर को आयोजित होने वाली अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग स्टेट लीग में नालंदा की बेटियां अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। राज्यस्तरीय इस प्रतियोगिता में नालंदा जिले से करीब 40 बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। बिहार स्टेट साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों से 500 से अधिक महिला साइक्लिस्ट के शामिल होने की उम्मीद है।
25 सितंबर को मुंगेर रवाना होगी नालंदा की टीम
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली नालंदा की टीम 25 सितंबर को नालंदा जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के नेतृत्व में मुंगेर के लिए रवाना होगी। सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल पर 25 सितंबर की शाम छह बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी। आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन के बाद 27 सितंबर को दोपहर के भोजन के बाद पूरी टीम नालंदा लौटेगी।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहीं नालंदा की बेटियां
नालंदा जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार और संयुक्त सचिव रिंकू कुमारी ने रविवार को प्रतियोगिता को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नालंदा की बेटियां लगातार मेहनत कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। एसोसिएशन के लगातार मार्गदर्शन और सहयोग से जिले की कई प्रतिभाशाली बालिकाओं को सरकार की सक्षम योजना के तहत तीन लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि मुंगेर में होने वाली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है और वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयारी कर रही हैं।
टी-शर्ट देकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
नालंदा जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में बालिकाओं के बीच साइक्लिंग को लेकर रुचि तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, कोच कुंदन कुमार पांडेय ने कहा कि जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तराशने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुंगेर प्रतियोगिता में जाने वाली टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए इनर व्हील क्लब नालंदा की चेयरपर्सन डॉ. रूबी रानी ने सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भेंट की। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। टी-शर्ट मिलने के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।