मुंगेर में चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अंतिम पड़ाव पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। जुलूस में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अखाड़ों को सम्मानित किए जाने के दौरान मुर्गियाचक और हजरतगंज अखाड़ा समिति के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसाने लगे।
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालात बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजीं, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया।
घटना का वीडियो हुआ वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए शहर के निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को लाठियों से एक-दूसरे पर हमला करते और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करते देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें-
अस्पताल का गजब कारनामा! टूटे पैर पर प्लास्टर की जगह बांध दिया कार्टन, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप
बताया जाता है कि चेहल्लुम जुलूस के दौरान जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी और जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। लेकिन समापन के समय आयोजित पुरस्कार समारोह में हुए विवाद ने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।