मुंगेर के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के चंदनिया गांव में शुक्रवार की सुबह गैस सिलिंडर से रिसाव के कारण अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, चंदनिया गांव निवासी फेकू पासवान के घर में शुक्रवार की सुबह खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। जैसे ही चूल्हा जलाया गया, रिसाव हो रही गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। अचानक आग लगने से घर के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग जान बचाकर घर से बाहर निकल आए।
आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना तत्काल संग्रामपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई।