पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जमुई में पुलिस ने फोन पर रंगदारी मांगे जाने की घटना के छह घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के एकटरवा निवासी विदेशी यादव के बेटे पंकज यादव और मिश्री यादव के बेटे राजेश कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, पंकज यादव ने बैंक से लोन लिया था और बैंक द्वारा पैसे जमा करने को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी को लेकर पंकज ने फेसबुक पर एक वीडियो देखा और उसी वीडियो को देखकर उसने रंगदारी मांगने की साजिश रची। वहीं, उसने इस साजिश में अपने एक सहयोगी को भी शामिल कर लिया। इसके बाद दोनों ने बरहट थाना क्षेत्र के मटिया चकचोटाहा निवासी नरेश प्रसाद बरनवाल से दो अलग-अलग मोबाइल नंबर से आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
बताया जा रहा है कि रंगदारी मांगे जाने के बाद पीड़ित ने बरहट थाना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। उस पर कांड संख्या 49/24 दर्ज करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। उसमें एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक प्रताप सिंह और बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव समेत पुलिस जवानों द्वारा छापेमारी कर एकटरवा गांव से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इधर, एसडीपीओ सतीश सुमन ने बतया कि आरोपी पंकज लोन के कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज से बाहर निकलने के लिए उसने अपने सहयोगी राजेश यादव के साथ रंगदारी मांगने की साजिश रची। उसके बाद वह मोबाइल नंबर बदल-बदल कर रंगदारी के रुपये मांगा करता था। एसडीपीओ ने बताया कि पिछले महीने पंकज ने पश्चिम बंगाल से एक सिम कार्ड भी खरीदा था और इस नंबर से किराना दुकान नरेश दास से आठ लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। बहरहाल पुलिस गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है।