गंगा में डूबने से चार बहनों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकचपरा गंगा घाट पर हुए दर्दनाक हादसे में गुरुवार सुबह चौथी बच्ची का भी शव बरामद कर लिया गया। चौथी बच्ची की पहचान क्रांति पासवान की दूसरी पुत्री वंदना कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में लगातार खोज अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
चौथी बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम
वंदना कुमारी का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है।
गंगा स्नान के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार बुधवार को गंगा स्नान के दौरान क्रांति पासवान की चारों बेटियां गहरे पानी में चली गई थीं और डूब गई थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई थी। बुधवार को ही तीन बच्चियों संगीता कुमारी, सोनाली और संध्या के शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि वंदना कुमारी की तलाश जारी थी। गुरुवार सुबह उसका शव मिलने के साथ ही चारों बच्चियों की मौत की पुष्टि हो गई।
एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
खोज अभियान में एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में जितेंद्र सहनी, आनंद राज, प्रेम आर्य, संतोष साहनी, दिनेश सहनी, सुप्रशांत कुमार, शंभू यादव, निलेश कुमार, रंजन कुमार, कौरव कुमार और गणेश कुमार शामिल रहे।