मुंगेर जिले के जमालपुर शहर के सदर बाजार क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां वार्ड संख्या 12 स्थित श्री मारवाड़ी दुर्गा स्थान के प्रांगण में रखी मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की टाली में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। घटना सुबह करीब 8:00 बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने आग पर पाया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाली में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया। हालांकि, इस घटना से लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कृत्य शहर के शांतिपूर्ण वातावरण और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश हो सकती है। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें:
सरकारी स्कूल से पढ़कर ISRO तक का सफर, पूर्णिया के शशि का तकनीकी सहायक पद पर चयन
पुलिस ने लोगों से की अपील
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।