पुलिस मामले की जांच में जुटी है
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर में नकली सिगरेट तैयार कर उसे दिल्ली में असली ब्रांड के नाम पर बेचने वाले गिरोह का जमालपुर रेलवे स्टेशन पर भंडाफोड़ हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर छापेमारी कर 2400 पैकेट नकली कैप्स्टन सिगरेट बरामद किए हैं। इस मामले में मुंगेर के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सिगरेट की कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, सीआईबी की टीम को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ट्रेन संख्या 22405 भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस से नकली सिगरेट की खेप लेकर दिल्ली जा रहे हैं। निरीक्षक एसके सुधा के नेतृत्व में टीम ने जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो जूट के बोरों और गत्ते के डिब्बों से सिगरेट के पैकेट बरामद हुए।
पढ़ें: 2011 के आचार संहिता उल्लंघन मामले में लालू प्रसाद को बड़ी राहत, सीवान की अदालत ने दी जमानत
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुबारकचक निवासी मोहम्मद परवेज खान (52) और मिर्जाचक निवासी मोहम्मद अली (28) के रूप में हुई है। जांच के दौरान सिगरेट के पैकेट की छपाई, रंग, जीएसटी विवरण और सिगरेट की गुणवत्ता में कई खामियां मिलीं। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने सिगरेट के नकली होने की बात स्वीकार की।
आरोपितों ने बताया कि उन्होंने यह खेप मुंगेर के मुर्गियाचक के पास एक व्यक्ति से खरीदी थी और इसे दिल्ली में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पहचान छिपाने के लिए सिगरेट की खेप को जिन बोरों में रखा गया था, उन पर विमल पान मसाला लिखा हुआ था।
इस मामले में जीआरपी ने कांड संख्या 90/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब सिगरेट की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और दिल्ली में इसके खरीदारों की पहचान करने में जुटी है। मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।