पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनते डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रामपुर पंचायत स्थित खैरा मैदान में रविवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन उन्होंने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना, जिसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
अपराध और जाति-धर्म पर स्पष्ट रुख
जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की नीति को साफ शब्दों में रखा। उन्होंने कहा कि अपराधी न किसी जाति का होता है और न ही किसी धर्म का। किसी भी जाति और धर्म के लोग अपराध कर सकते हैं। ऐसे अपराधी समाज का कचरा हैं, जिन्हें साफ करना जरूरी है।
पुलिस की भूमिका और सरकार का हस्तक्षेप नहीं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध से निपटने का रास्ता पुलिस बेहतर जानती है और यह पूरी तरह पुलिस का दायित्व है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार कभी भी पुलिस के कार्य में हस्तक्षेप नहीं करती और पुलिस पूरी स्वतंत्रता के साथ जांच और कार्रवाई कर रही है।
नीट छात्रा हत्या मामले का जिक्र
अपने संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने पटना में नीट की छात्रा की संदेहास्पद हत्या का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस मामले की पुलिस निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कर रही है तथा हर बिंदु पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पढ़ें- Bihar News: धागा फैक्ट्री के कब्जे को लेकर विवाद हुआ खूनी, गोलीबारी में युवक गंभीर रूप से घायल
सम्राट चौधरी ने सख्त लहजे में कहा कि ऐसे जघन्य मामलों में दोषियों को माला पहनाने की नहीं, बल्कि कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी बच्ची के साथ इस तरह का घिनौना अपराध करने वाले को बख्शने का कोई सवाल ही नहीं है।
अपराधियों पर कड़ा प्रहार
अपने संबोधन के अंत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति क्रूर होता है, कायर होता है और छिपकर वार करता है, उससे बड़ा डरपोक कोई नहीं हो सकता। उन्होंने दोहराया कि सरकार और पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ पूरी कठोरता के साथ कार्रवाई करेगी।