मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। मुरादे पंचायत के मोहनपुर गांव में बुधवार की अहले सुबह वरमाला कार्यक्रम के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया।
मारपीट में एक दर्जन घायल हुए
इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दोनों पक्षों में हुई हाथापाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुल्तानगंज के पैन गांव से लक्ष्मण दास के पुत्र चंदन कुमार की बारात मोहनपुर गांव स्थित धनंजय दास के घर पहुंची थी। शादी की रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं, लेकिन वरमाला के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया। आरोप है कि वर पक्ष के कुछ युवकों ने अनुचित व्यवहार किया, जिसके बाद वधू पक्ष ने विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता चला गया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई।
बड़ी संख्या में घायल हुए लोग
मारपीट में करण कुमार, धनंजय कुमार, नंदू दास, मौसम कुमारी, सूरज कुमार, नीरज कुमार, उत्तम कुमार, दिनेश दास और योगेंद्र महतो सहित कई लोग घायल हो गए। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। इलाज के दौरान कुछ लोगों द्वारा डॉक्टरों के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: नए चेहरे को भी मौका देगी भाजपा, नीतीश, चिराग, मांझी और कुशवाहा की पार्टी से कितने मंत्री बन रहे?
मौके पर पहुंची टीम ने हालात पर काबू पाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। गंभीर रूप से घायल नंदू दास और मौसम कुमारी को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दिनेश दास और उत्तम कुमार को सदर अस्पताल मुंगेर भेजा गया है।
दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी
घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव बना रहा, लेकिन बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की पहल पर समझौता कराया गया। इसके बाद शादी की शेष रस्में शांतिपूर्वक पूरी कर ली गईं। पुलिस अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।