घटनास्थल पर मौजूद पुलिस प्रशासन
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत फुलवड़िया थाना क्षेत्र के शोकहारा सब्जी मंडी रोड में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। डॉ. आरके पोद्दार क्लिनिक के सामने एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान नगर परिषद बरौनी क्षेत्र के शोकहारा निवासी राजीव कुमार के करीब 12 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल अमन को इलाज के लिए लाइफ लाइन अस्पताल, बरौनी ले जाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना के समय वह किसी काम से बाजार जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
छठ पर्व की खुशियों के बीच अमन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घर में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां पलभर में खुशियां मातम में बदल गईं।
पढ़ें: चिराग पासवान ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं, यूपी चुनाव में एलजेपी की भूमिका को लेकर कही ये बात
सड़क जाम कर फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग
हादसे से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शव के साथ सब्जी मंडी रोड जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि हादसे के बाद फरार स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवड़िया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर जुटी भीड़ और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताया दुख
घटनास्थल पर स्थानीय चेयरमैन संजीव कुमार, पूर्व मुखिया मंजूर आलम, कांग्रेस नेता सुबोध प्रसाद सिंह, वार्ड पार्षद सूरज कुमार, अमित कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की जल्द पहचान कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।