दोनों सहेलियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी थीं।
- फोटो : अमर उजाला
पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र से सात अगस्त को घर से निकलीं दो छात्राओं को खगड़िया पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास से खोज निकाला है। दोनों छात्राएं पड़ोसी हैं और करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानती हैं। दोनों के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजनों ने पटना के कोतवाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद पटना पुलिस ने दोनों छात्राओं के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन खगड़िया शहर के पाल होटल के आसपास मिली। इसके बाद पटना पुलिस ने खगड़िया पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस ने टीम गठित कर इलाके में तलाश शुरू की और दोनों छात्राओं को बरामद कर लिया।
अलग-अलग समुदाय से हैं
बरामदगी की सूचना मिलने के बाद दोनों छात्राओं के परिजन भी खगड़िया पहुंचे। बताया गया कि एक छात्रा 10वीं और दूसरी 12वीं कक्षा में पढ़ती है। एक छात्रा के पिता सरकारी कर्मचारी बताए जा रहे हैं। दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई
बरामदगी के बाद दोनों छात्राओं ने परिजनों से बातचीत करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी थीं। पुलिस के समक्ष भी दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। इसी बीच, दोनों के शादी करने की चर्चा भी सामने आई, लेकिन पुलिस ने शादी की किसी घटना से इनकार किया है।
ये भी पढ़ें- Bihar: पूर्णिया में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटकी मिली; FSL जांच में जुटी पुलिस
टाउन थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पटना पुलिस से मोबाइल लोकेशन की सूचना मिलने के बाद दोनों छात्राओं को खोज लिया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को पटना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।