खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत देवरी पंचायत वार्ड संख्या-1 में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम दिव्यांशु कुमार की जान चली गई। मासूम सड़क किनारे बने एक गहरे गड्ढे में डूब गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिव्यांशु अपने ननिहाल देवरी गांव में रह रहा था। वह घर के पास सड़क किनारे बने गड्ढे को पार करने के लिए बांस का सहारा लेकर गुजरने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गड्ढे में गिर पड़ा। जब तक परिजन उसे बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने जमालपुर-अगुवानी मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि यह गड्ढा पंचायत के मुखिया द्वारा जानबूझकर खुदवाया गया था, लेकिन उसे समय रहते भरा नहीं गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पढ़ें: RLM ने किया संगठन विस्तार, राजीव जायसवाल बने राष्ट्रीय महासचिव; जतिन शर्मा को उत्तराखंड की कमान
करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर लोगों ने सड़क से जाम हटाया। मौके पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि ने आश्वासन दिया कि गड्ढे को जल्द ही भरा जाएगा। परबत्ता थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि मृतक दिव्यांशु मूल रूप से सहरसा जिले के सरबेला गांव का निवासी था और कुछ दिनों से अपनी मां के साथ ननिहाल देवरी गांव में रह रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।