खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बेलदौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुल के पास मौजूद लोगों ने गाड़ी रोकी
थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, चौथम थाना क्षेत्र के तेगाछी वार्ड संख्या-3 निवासी हिमांशु कुमार ने बताया कि 27 जून की सुबह वह अपने भाई नीरज कुमार के साथ चारपहिया वाहन से डांढी गांव से उसराहा पुल होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुल के पास पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एगम कुमार, निगम कुमार और दो अज्ञात हथियारबंद लोगों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस घटना में नीरज कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि आवेदन के अनुसार निगम कुमार के बाएं गर्दन के हिस्से में भी गोली लगी।
आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
हिमांशु कुमार का कहना है कि जब उन्होंने अपने भाई को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार, निगम कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए बेलदौर पीएचसी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हिमांशु कुमार ने बेलदौर थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में समा गई दो मासूमों की जिंदगी, दरभंगा के जलवारा गांव में मातम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का भी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।