जमुई जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो जिंदगियां छीन लीं। मंगलवार की देर रात खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर मांगोबंदर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों बारात में शामल होकर वापस आ रहे थे। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के सेवा गांव निवासी कैलाश रावत (38) और मंटू रावत (35) के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बारात में शामिल होने के बाद खैरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार फल लदी पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि मौके पर मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैलाश रावत और मंटू रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें:
विक्रमशिला पुल बंद होने पर मुंगेर में महाजाम, ट्रकों की लंबी कतार, उद्घाटन के बाद पहली बार बढ़ा दबाव
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद सेवा गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने में जुटा है।