फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: पूर्व एसपी भानू प्रताप सिंह की पत्नी पूजा के खिलाफ कोर्ट पहुंची पुलिस, सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश का

Tue, 10 Nov 2026 08:43 AM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

खगड़िया के पूर्व एसपी भानू प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब न्यायालय पहुंच गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ आवेदन देकर सरकारी कामकाज बाधित करने और सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश करने जैसे आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर, पूजा सिंह पति पर प्रताड़ना और बेटी से दूर रखने का आरोप लगा चुकी हैं।
 
विज्ञापन
एसपी भानू प्रताप सिंह एवं पत्नी पूजा सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के खगड़िया में पूर्व एसपी भानू प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा विवाद लगातार नया मोड़ ले रहा है। पति पर प्रताड़ना, बेटी से अलग रखने और जबरन तलाक का दबाव बनाने का आरोप लगाने वाली पूजा सिंह के खिलाफ अब पुलिस ने न्यायालय का रुख किया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आवेदन देकर पूजा सिंह समेत सात लोगों और अन्य के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में एसपी आवास के सामने धरना देने, सरकारी कामकाज बाधित करने और थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने का प्रयास करने के आरोप लगाए गए हैं।
विज्ञापन


प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में बढ़ी दूरी
जानकारी के अनुसार, भानू प्रताप सिंह और पूजा सिंह ने 16 जनवरी 2016 को प्रेम विवाह किया था। उस समय भानू प्रताप सिंह यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। पूजा सिंह का आरोप है कि पति के आईपीएस अधिकारी बनने के बाद दोनों के रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगीं। दंपती की छह साल की एक बेटी है।

पूजा सिंह का कहना है कि उन्हें पति और बेटी से अलग कर दिया गया है। वह तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि पति और बेटी के साथ परिवार बसाना चाहती हैं। इसी विवाद को लेकर उन्होंने खगड़िया में एसपी आवास के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास, डीजीपी कार्यालय और बिहार राज्य महिला आयोग तक अपनी शिकायत पहुंचाई।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर बेटी से मिलाने की लगाई गुहार
एक नवंबर को पूजा सिंह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी परेशानी बताने की कोशिश की। उन्होंने अपनी छह साल की बेटी से मिलाने की गुहार लगाई। इससे पहले वह पुलिस महानिदेशक और बिहार राज्य महिला आयोग के समक्ष भी शिकायत दे चुकी थीं।

दो नवंबर की रात पूजा सिंह पटना महिला थाने पहुंचीं। यहां उन्होंने पति भानू प्रताप सिंह और ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट, बेटी से दूर रखने और जबरन तलाक का दबाव बनाने जैसे आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

एसपी आवास के सामने धरने से सरकारी कामकाज बाधित होने का आरोप
अब इस विवाद में खगड़िया के मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष आवेदन दिया है। आवेदन के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को सुबह 7:15 से 9:15 बजे तक और उसी दिन शाम करीब 5 बजे से 4 नवंबर की सुबह 6:30 बजे तक पूजा सिंह एसपी भानू प्रताप सिंह के सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठी थीं।

थानाध्यक्ष ने आवेदन में कहा है कि एसपी आवास परिसर में गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय भी संचालित होते हैं। यहां अधिकारियों, कर्मचारियों और सरकारी वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। धरने के कारण मुख्य द्वार पर आवाजाही प्रभावित हुई और सरकारी कामकाज में बाधा आई।

थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश का आरोप
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूजा सिंह को आवास के सामने से हटने के लिए कहने पर वह कई बार उग्र हो गईं। इसी दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने का प्रयास किया। आवेदन के अनुसार, पूजा सिंह ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें गोली मार दी जाए या उनका एनकाउंटर कर दिया जाए, लेकिन जब तक उन्हें आवास के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा, वह किसी को आने-जाने नहीं देंगी।

थानाध्यक्ष ने अपने आवेदन में इस व्यवहार को लोक शांति भंग करने और पुलिस अधिकारी को उकसाने वाला कृत्य बताया है। ये सभी आरोप न्यायालय में दिए गए आवेदन का हिस्सा हैं। इनकी पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

मां, भाई और अन्य करीबियों पर भी आरोप
थानाध्यक्ष के आवेदन में पूजा सिंह के परिवार के सदस्यों और करीबियों की भूमिका का भी जिक्र किया गया है। आवेदन के अनुसार, बातचीत के दौरान पूजा सिंह ने कथित तौर पर बताया कि धनवंत सिंह राठौर और अन्य लोग उन्हें एसपी आवास तक लेकर पहुंचे थे।

आवेदन में दावा किया गया है कि उनकी मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा, धनवंत सिंह राठौर और अन्य करीबियों ने उन्हें तब तक धरने पर बैठे रहने के लिए कहा था, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। थानाध्यक्ष ने पूजा सिंह समेत सात लोगों और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।

भानू प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी पद से हटाया गया
इस बीच बिहार सरकार के गृह विभाग ने भानू प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया है। उनकी जगह शिवहर के एसपी शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भानू प्रताप सिंह वर्ष 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

हालांकि, सरकारी अधिसूचना में उनके तबादले की वजह के तौर पर पारिवारिक विवाद का उल्लेख नहीं किया गया है। इस पूरे मामले में एक तरफ पूजा सिंह अपने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाकर बेटी से मिलने और परिवार बचाने की गुहार लगा रही हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस के आवेदन में उनके खिलाफ सरकारी कामकाज बाधित करने और पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश के आरोप लगाए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय और पुलिस जांच के आधार पर होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें