लोजपा आर सांसद अरुण भारती तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
मकर संक्रांति के अवसर पर मंगलवार को जमुई सांसद अरुण भारती की ओर से आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम प्रारंभ से लेकर सांसद की उपस्थिति तक शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जमुई विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के प्रखंडों और अन्य क्षेत्रों से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सांसद अरुण भारती ने स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ दही-चूड़ा ग्रहण किया और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
सांसद के जाने के बाद बिगड़ी स्थिति
कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और आपसी भाईचारे का माहौल बना रहा, लेकिन सांसद के अगले कार्यक्रम के लिए रवाना होने के कुछ ही देर बाद स्थिति बदल गई। भोजन व्यवस्था को लेकर जमुई के स्थानीय लोजपा (आर) कार्यकर्ताओं और तारापुर से आए कार्यकर्ताओं के बीच पहले नोकझोंक शुरू हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
भोजन व्यवस्था को लेकर हुआ विवाद
बताया जाता है कि दही-चूड़ा वितरण की व्यवस्था और क्रम को लेकर दोनों पक्षों में असहमति थी। कार्यक्रम में भीड़ अधिक होने और स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अभाव में कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी, जो सांसद के प्रस्थान के बाद खुलकर सामने आई। इस दौरान कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया।
पढ़ें- Bihar News: बीपीएससी शिक्षिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, किराए के कमरे में मिला शव; पति से पूछताछ जारी
पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप से हालात सामान्य
विवाद की सूचना मिलते ही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के स्थानीय नेता और पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।