करंट की चपेट में आने से 12 साल के मासूम की दर्दनाक मौत
- फोटो : अमर उजाला
जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड स्थित धरवा गांव में सोमवार सुबह एक हृदय विदारक हादसा सामने आया, जहां 12 वर्षीय सौरभ कुमार की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धरवा निवासी कारेलाल तुरी के बेटे के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सौरभ कुमार सुबह घर से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जमीन से करीब 2 से 3 फीट ऊपर लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि करंट की चपेट से पास में रखी गेहूं की पराली भी जल उठी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मड़ैया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि योगेंद्र साह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर छात्रा का खौफनाक कदम, हाथ पर ब्लेड से किए 19 वार, विवाद में उलझी जांच
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बिजली का तार नीचे लटक रहा था और इसकी शिकायत भी विभाग से की गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण एक मासूम की जान चली गई।
इस दुखद घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।