जमुई के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत लखन धनमा गांव स्थित जखराज स्थान के पास मंगलवार को दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान लखन धनमा गांव निवासी अशोक यादव पिता बैजनाथ यादव, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है।
घात लगाए अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक यादव टोटो (ई-रिक्शा) से जमुई की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जखराज स्थान के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। बताया जाता है कि दो बाइक पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और टोटो को रुकवाया। इसके बाद अपराधियों ने बेहद नजदीक से अशोक यादव के सिर में एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की टाली में लगी आग, माहौल बिगाड़ने की साजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। हालांकि हत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।