सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खैरा-गरही मुख्य मार्ग स्थित गोपालपुर चौक के पास ईंट लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रतन सिंह के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रतन सिंह अपने फुफेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से जमुई के चौहानडीह स्थित अपने ससुराल से जमुई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गरही की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गोपालपुर चौक के समीप उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रतन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद फुफेरे भाई को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। ट्रैक्टर चालक राम प्रवेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: क्रिकेट मैच देखकर लौटते वक्त दर्दनाक हादसा, दो युवकों की गई जान
बताया गया कि रतन सिंह, दिलीप सिंह के दामाद थे और हाल ही में अपने ससुराल चौहानडीह आए हुए थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, गोपालपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।