Jamui News : झाझा थाना में पदस्थापित सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद अवैध बालू उठाव और परिवहन के नाम पर हो रही कथित वसूली का मामला चर्चा में आ गया है।
जमुई जिले के झाझा थाना में पदस्थापित सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
विज्ञापन
निगरानी विभाग की टीम गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध बालू उठाव और परिवहन के नाम पर ट्रैक्टर चालकों तथा बालू कारोबारियों से कथित रूप से प्रतिदिन हजारों रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी।
निगरानी विभाग ने जाल बिछाया
इसी मामले से जुड़ी शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जांच शुरू की और सत्यापन के उपरांत योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सरकारी चालक को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार चालक जितेंद्र कुमार थाना से जुड़े कुछ कार्यों के लिए राशि की मांग कर रहा था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और निर्धारित स्थान पर 12 हजार रुपये लेते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम उसे अपने साथ लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई।
विज्ञापन
विभाग में चर्चा का विषय बना यह पूरा मामला
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी के मौके से फरार होने की चर्चा भी क्षेत्र में तेजी से फैल गई है। हालांकि इस संबंध में किसी अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बावजूद इसके, घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे मामले को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। निगरानी विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि अवैध वसूली का यह कथित नेटवर्क कितने दिनों से संचालित हो रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस घटना के बाद जिले में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों पर निगरानी विभाग की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।