बिहार के बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने लोगों की नींद उड़ा दी है। मंगलवार को दिनदहाड़े हसनपुर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे घटी, जब तीन बाइक पर सवार छह अपराधी अचानक बैंक के भीतर घुस आए और बंदूक की नोंक पर लगभग साढ़े चार लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने हवाई फायरिंग भी की, जिससे बैंक परिसर में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी अपराधी हथियार से लैस और नकाबपोश थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने सुरक्षा गार्ड सुजीत कुमार के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय शाखा प्रबंधक सरोज कुमार दुबे, डिप्टी मैनेजर संकट ठाकुर, कैशियर रिंकू कुमारी और दो ग्राहक बैंक में मौजूद थे। अपराधियों ने नकदी के साथ बैंक के सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और कर्मचारियों एवं ग्राहकों के सात मोबाइल फोन भी लूट लिए।
ये भी पढ़ें-
Nitish Kumar: चौथी बार जदयू की कमान संभालेंगे नीतीश कुमार, आज फिर से निर्विरोध चुने जाएंगे; आधिकारिक एलान बाकी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अपराधी वारदात को अंजाम देने से पहले नेशनल हाईवे-28 स्थित अयोध्या चौक की दिशा से आए और वारदात के बाद तेघड़ा रेलवे स्टेशन की ओर फरार हो गए। रास्ते में कुछ दूरी पर उन्होंने लूटे गए मोबाइल फोन जंगल में फेंक दिए, जिनमें से पांच फोन पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से छानबीन कर रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। इस वारदात के बाद इलाके में पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।