फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: अशोकधाम में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने की पूजा-अर्चना, विपक्ष पर बोला जमकर हमला

Mon, 04 Aug 2025 04:40 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखीसराय

सार

Bihar: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है, लेकिन विपक्ष इसमें भी राजनीति खोज रहा है।
विज्ञापन
डिप्टी सीएम विजय कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी के अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय जिले स्थित सुप्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना की। अपने दो दिवसीय लखीसराय दौरे के तहत डिप्टी सीएम ने भगवान भोलेनाथ से राज्य और देश की शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर उनके साथ लखीसराय के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, बीजेपी प्रदेश परिषद सदस्य बिपीन कुमार, पार्टी पदाधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लिया।

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना और जनता को गुमराह करना रह गया है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख और समझ रही है। अब वह ऐसे नेताओं को पूरी तरह नकारने का मन बना चुकी है, जो विकास की बात नहीं करते, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए विवाद खड़े करते हैं।

विज्ञापन


पढ़ें: सड़क हादसे में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है, लेकिन विपक्ष इसमें भी राजनीति खोज रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि चाहे वह आधारभूत संरचना का निर्माण हो, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में सुधार हो या फिर धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास हर क्षेत्र में ठोस पहल की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि अशोकधाम जैसे धार्मिक स्थल केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी गति देने वाले महत्वपूर्ण स्थल हैं। ऐसे स्थलों के विकास से न केवल सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होता है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के अवसर भी मिलते हैं। डिप्टी सीएम का यह दौरा धार्मिक आस्था और राजनीतिक संदेश—दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें