फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: जमुई में लड़के-लड़की से अभद्रता पर पुलिस का एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार; महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

Mon, 21 Sep 2026 12:11 PM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जमुई

सार

जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में बाइक से जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। इस दौरान लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जमुई में बाइक सवार युवक-युवती को रोकने का वीडियो वायरल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के जमुई में नाबालिग लड़का-लड़की को रास्ते में रोककर लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना 19 सितंबर की शाम की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की और पीड़ितों तक पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाए हैं और वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्रवाई की मांग की है। मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। 

विज्ञापन


राज्य महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

इस मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वीडियो में एक किशोरी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की घटना दिखाई दे रही है। आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इस मामले में जमुई के जिलाधिकारी से बात की है। जिलाधिकारी ने उन्हें जानकारी दी कि घटना 19 सितंबर की शाम जमुई और लखीसराय की सीमा के पास हुई थी। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने आयोग की अध्यक्ष को भरोसा दिलाया है कि सोमवार शाम तक मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।

एसपी से भी कार्रवाई की जानकारी लेगा आयोग

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वह इस मामले में जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी। इसके जरिए घटना में अब तक हुई कार्रवाई और आगे की जांच की स्थिति की जानकारी ली जाएगी।

वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने शुरू की जांच

घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव इलाके की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में बाइक सवार नाबालिग युवक और युवती को कुछ लोग रोकते और घेरते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवती हाथ जोड़कर लोगों से उन्हें जाने देने की अपील करती दिखाई दे रही है। वह कहती सुनाई दे रही है, “बच्चा हैं, जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे।”

विज्ञापन


वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। पुलिस ने वीडियो को आधार बनाकर जांच शुरू की। जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस को वीडियो मिला था। इसके बाद वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया। एसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की सामने आई है। वीडियो में छह-सात लोग दिखाई दे रहे हैं और इनमें से कुछ की पहचान कर ली गई है।

तीन युवकों को गिरफ्तार करने का दावा

जमुई पुलिस की टीम ने मामले में छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मड़वा गांव निवासी मिथिलेश, प्रमोद और गोलू के रूप में बताई गई है। तीनों की उम्र करीब 24 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में सामने आए सभी तथ्यों और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है।

पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया

एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस के पास घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई थी। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लिया और वीडियो के आधार पर पीड़िता तक पहुंची। उसका बयान दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और किसकी क्या भूमिका थी। मामले में वायरल वीडियो को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।

राहुल गांधी बोले- ‘हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए’

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे “बेहद परेशान करने वाला” वीडियो बताया। राहुल गांधी ने कहा कि दो 10वीं कक्षा के छात्रों को रास्ते में रोका गया और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट, उत्पीड़न और लड़की के साथ छेड़छाड़ की गई। राहुल गांधी ने कहा कि वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर जाने देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन लोगों को इस तरह का व्यवहार करने का अधिकार किसने दिया।
 

 

राहुल गांधी ने POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की

राहुल गांधी ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे हर व्यक्ति की पहचान की जानी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो आरोपियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई। उन्होंने बिहार सरकार से भी सवाल किया कि शाम करीब सात बजे सार्वजनिक सड़क पर एक लड़की की सुरक्षा को लेकर ऐसी स्थिति क्यों बनी। राहुल गांधी ने अपने बयान में इस घटना को महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा।

घटना को लेकर सियासत भी तेज

घटना का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती है।
वहीं, भाजपा की ओर से कहा गया कि सरकार सुशासन के सिद्धांत पर काम कर रही है और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही गई है, जबकि वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें