बरसात में जलजमाव और सड़क की जर्जर स्थिति से तंग आकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जमालपुर इकाई ने सोमवार को धरहरा-जमालपुर मुख्य सड़क पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जमा पानी में प्रतीकात्मक रूप से धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन सड़क की खस्ताहाली और जनहित से जुड़ी बुनियादी समस्याओं की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान खींचने के उद्देश्य से किया गया है। संगठन के नगर सह मंत्री आदित्य कुमार और पूर्व विभाग संयोजक सुभाष मंडल ने बताया कि बारिश के मौसम में यह सड़क पूरी तरह से चलने लायक नहीं रह गई है। गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलजमाव के कारण छात्र, बुजुर्ग, मरीज और आम लोग रोजाना जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
नगर मंत्री अंकित मंडल ने स्थानीय सांसद और विधायक पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब जनता की बुनियादी आवश्यकता सड़क जैसी सुविधा की अनदेखी की जाती है, तो यह साफ दर्शाता है कि जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं।
पढ़ें: मधेपुरा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बिक्की आनंद ने जिलाधिकारी से अपील करते हुए कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए संबंधित विभागों को अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस सड़क पर त्वरित राहत कार्य आरंभ किया जाए।
जिला सोशल मीडिया संयोजक विकास राज ने व्यंग्य करते हुए कहा, “जब सड़कें खेत बन चुकी हैं, तो हमने भी उसमें धान की खेती शुरू कर दी है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह प्रदर्शन युवाओं की नई सोच और उनकी सक्रियता का प्रतीक है। अब युवा केवल सोशल मीडिया पर पोस्ट करने तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव की आवाज़ बनना चाहते हैं। इस विरोध कार्यक्रम में प्रदेश सह मंत्री आयुषी गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साकेत सम्राट, सुभाष मंडल, अंकेश, आदित्य, अनुराग, रोहित, सुमित समेत दर्जनों स्थानीय लोग और आमजन मौजूद थे।