Bihar News : संभव है कि यह हादसा हो, लेकिन हत्या से भी इनकार करना संभव नहीं है। ऐसे में पुलिस चार साल के मासूम की सेप्टिक टैंक में लाश मिलने के बाद से हर पहलू पर जांच कर रही है।
खगड़िया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर पचखुट्टी गांव में पिछले 48 घंटों से लापता एक 4 वर्षीय बच्ची का शव रविवार को उसके घर के पास स्थित एक सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। यह हत्या है या हादसा, दोनों ही एंगल से पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
रहीमपुर पचखुट्टी निवासी अभिषेक कुमार की पुत्री शुक्रवार (30 जनवरी) सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की सूचना पर मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राकेश कुमार ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया।
व्यापक तलाशी अभियान
एसपी के निर्देश पर एएसपी सह सदर डीएसपी-1 मुकुल कुमार रंजन के नेतृत्व में पुलिस ने बच्ची की खोज के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। शनिवार को डॉग स्क्वायड और ड्रोन कैमरों के जरिए आसपास के खेतों एवं जलजमाव वाले इलाकों को खंगाला गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम बुलाई गई, जिसने घर के समीप ही एक गहरे सेप्टिक टैंक की तलाशी ली और वहां से मासूम का शव बाहर निकाला।
विज्ञापन
वैज्ञानिक जांच और कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) और मेडिकल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया है, ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। पुलिस तकनीकी और मानवीय इनपुट्स के जरिए मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।