सार
खगड़िया में एनएच-31 पर तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक स्कॉर्पियो और टेंपो से टकरा गया, जिसमें डेढ़ महीने के मासूम समेत छह लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खगड़िया जिले एनएच-31 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में डेढ़ महीने के मासूम समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक फट गया और वह अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो और टेंपो से जा टकराया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
टायर फटते ही बेकाबू हुआ ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होटल के समीप गुजर रहे ट्रक का चक्का अचानक फट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक पहले सामने चल रही स्कॉर्पियो से टकराया और फिर टेंपो को रौंदते हुए सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन बच्चों और तीन महिलाओं की मौत हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही मुकुल कुमार रंजन, दीपक कुमार मोदी और स्थानीय जनप्रतिनिधि बाबूलाल शौर्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज जारी है, जबकि मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: भगवान भरोसे मेले की सुरक्षा! ड्यूटी छोड़ थिएटर में डांस देखते दिखे पुलिसकर्मी; मचा हड़कंप
कुछ देर बाधित रहा यातायात
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रक का टायर फटना माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद एनएच-31 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों की नियमित जांच कराने की मांग की है।