बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच गुरुवार को लखीसराय जिले के खुड़ियारी गांव में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब डिप्टी सीएम और भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित रूप से राजद (RJD) समर्थकों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि भीड़ ने सिन्हा की गाड़ी पर चप्पल, पत्थर और गोबर फेंका और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति संभाली और भीड़ को तितर-बितर किया।
चुनाव आयोग ने दिए सख्त निर्देश
घटना के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने बिहार के डीजीपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। चुनाव आयोग ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय के अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदान करें।
यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा चुनाव 2025: कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के इस गांव में क्यों हुआ वोट का बहिष्कार? जानें वजह
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय सिन्हा चुनाव प्रचार के लिए इलाके से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी समय राजद समर्थकों ने उनकी गाड़ी को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। मौके पर पुलिस बल मौजूद था, जिसने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भीड़ को वहां से हटाया। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है और मामले की जांच की जा रही है।
‘RJD के गुंडे नहीं कर पाएंगे डराना’
घटना के बाद डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये राजद के गुंडे हैं। एनडीए सत्ता में आ रही है, इसलिए इनके छाती पर बुलडोजर चलने वाला है। ये मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे। मेरे पोलिंग एजेंट को भी बूथ से भगा दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना लखीसराय विधानसभा के खोरियारी गांव के 404 और 405 नंबर बूथों के पास हुई। सिन्हा ने कहा कि वह मौके पर एसपी से भी फोन पर बात कर चुके हैं और पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।
गांव में बूथ कैप्चरिंग की सूचना पर एसपी पहुंचे थे, तभी उप मुख्यमंत्री का हुआ विरोध
लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड के खुड़ियारी गांव स्थित बूथ संख्या 404 और 405 पर बूथ कैप्चरिंग की सूचना मिलने पर एसपी अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा बलों ने गांव में फ्लैग मार्च कर लोगों में विश्वास बहाल किया।
इसी दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिंह भी गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका विरोध किया। आक्रोशित लोगों ने उनकी गाड़ी पर जूते-चप्पल और गोबर फेंका। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पहले चरण में 18 जिलों में मतदान जारी
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह 7 बजे से 18 जिलों की 121 सीटों पर शुरू हुआ। करीब 3.75 करोड़ मतदाता इस चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुरक्षा कारणों से कुछ क्षेत्रों में मतदान शाम 5 बजे तक सीमित किया गया है, जबकि सामान्य रूप से मतदान 6 बजे तक चलेगा।
पिछले चुनाव के नतीजे और राजनीतिक पृष्ठभूमि
साल 2020 के विधानसभा चुनाव में बिहार में तीन चरणों में मतदान हुआ था। उस समय एनडीए ने 125 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि महागठबंधन को 110 सीटें मिली थीं। जनता दल (यूनाइटेड) को 43, भाजपा को 74, राजद को 75 और कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं। इस बार दोनों गठबंधनों के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- छपरा में चुनावी रॉर: मांझी सीट से माले प्रत्याशी डॉ. सत्येंद्र की गाड़ी पर हमला, शीशे तोड़े; पुलिस टीम अलर्ट