कांग्रेस नेताओं की डीएम के साथ बैठक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन और एनडीए दोनों ही सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने 17 अगस्त को रोहतास जिले से वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की है। यह यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से होते हुए राजधानी पटना में समाप्त होगी।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव 21 और 22 अगस्त को मुंगेर में ठहरने वाले हैं। महागठबंधन के नेताओं की ओर से सफियाबाद स्थित हवाई अड्डा मैदान को रात्रि विश्राम स्थल के लिए प्रस्तावित किया गया था, लेकिन जिला प्रशासन ने इस स्थल की अनुमति देने से इंकार कर दिया।
इसको लेकर कांग्रेस विधायक अजय कुमार सिंह, यात्रा प्रभारी नीलांशु चौधरी और महागठबंधन के अन्य नेता जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। लगभग एक घंटे तक चली बातचीत में जिलाधिकारी ने हवाई अड्डा मैदान को छोड़कर अन्य जगह तलाशने की बात कही।
पढ़ें: किशनगंज में तेज रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद कांग्रेस विधायक अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार विपक्ष को तवज्जो नहीं दे रही है। अगर विपक्ष की अनदेखी हुई तो लोकतंत्र कमजोर होगा। हमने हवाई अड्डा मैदान की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया।
यात्रा प्रभारी नीलांशु चौधरी ने भी प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई और कहा कि अब वैकल्पिक स्थलों की तलाश की जा रही है। महागठबंधन की ओर से बीएमपी-9 परिसर, चरवाहा विद्यालय और जेआरएस कॉलेज को संभावित ठहराव स्थल के रूप में सुझाया गया है। वहीं, जिला प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल अनुमति नहीं दी गई है। इस वजह से फिलहाल ठहराव स्थल को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।