फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: दीपावली पर शराब और जुए की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, 19 नामजद समेत 12 गिरफ्तार

Sun, 08 Nov 2026 02:51 PM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखीसराय

सार

लखीसराय में दीपावली के दिन सुबह अवैध शराब के कारोबार और जुआ खेलने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची टाउन थाना पुलिस की टीम पर उपद्रवी तत्वों ने हमला कर दिया। बालगुदर गांव स्थित सहनी टोला में हुई इस घटना में एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 19 नामजद और दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
 
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक ओर दीपावली को लेकर लोग घरों में खुशियां मनाने और त्योहार की तैयारियों में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर लखीसराय जिले के टाउन थाना क्षेत्र के बालगुदर गांव में पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई। रविवार को दीपावली के दिन सुबह अवैध शराब के कारोबार और जुआ खेलने की गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पहुंची टाउन थाना पुलिस की टीम को उपद्रवी तत्वों ने निशाना बनाया। अचानक हुए हमले में एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। त्योहार के दिन पुलिस टीम पर हुए इस हमले से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

अवैध शराब और जुए की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, टाउन थाना पुलिस को बालगुदर गांव स्थित सहनी टोला में अवैध रूप से शराब का कारोबार होने और जुआ खेलने की गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस की टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद उपद्रवी तत्वों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायलों में एसआई त्रिभुवन ठाकुर, अमित कुमार झा, जितेंद्र पासवान और महिला सिपाही रुचि कुमारी शामिल हैं। घायल एसआई त्रिभुवन ठाकुर ने बताया कि वे अलसुबह पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बालगुदर में कुछ नशेड़ियों के बीच जुआ खेलने के दौरान लड़ाई-झगड़ा हो गया है और वहां शराब का भंडारण भी किया गया है। वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही काली स्थान के पास पहुंचे, वहां करीब 25 की संख्या में मौजूद लोगों ने 'मारो-मारो' कहते हुए हमला कर दिया। इस दौरान दो लोगों को पकड़ा भी गया, लेकिन हमलावर उन्हें छुड़ाकर ले गए।

दीपावली के दिन पुलिस टीम पर हुए इस हमले ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पुलिस टीम पर ही इस तरह हमला हो रहा है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

19 नामजद और दो दर्जन अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी
घटना को लेकर टाउन थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 19 नामजद और करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। टाउन थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी हुई है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- बिहार: खड़े हार्वेस्टर से टकराया छात्रों से भरा ऑटो, इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत; आठ घायल

12 आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

टाउन थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करना और कानून-व्यवस्था को चुनौती देना गंभीर अपराध है। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शेष आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें