हथियार दिखाकर रंगदारी मांगता अपराधी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में प्रशासन की लाख बंदिशों के बावजूद अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हैं। यहां अपराधी आए दिन हथियार के बल पर रंगदारी मांगने जैसी घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला मंझौल थाना क्षेत्र का है, जहां का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो के मुताबिक, एक बेखौफ अपराधी एक व्यक्ति के दरवाजे पर हथियार लहरा रहा है और हथियार के बल पर रंगदारी की मांग कर रहा है। उसी वक्त किसी ने अपराधी की इस करतूत का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान मंझौल के ही रहने वाले मो. सोनू के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद सोनू कुख्यात अपराधी है और वह हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। फिलहाल वह जमानत पर जेल से बाहर निकला है। घटना को लेकर मझौल के ही रहने वाले मो. कलाम ने आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार की शाम मो. सोनू उसके घर पर आया और डेढ़ लाख रुपये रंगदारी की मांग करने लगा।
इस घटना को लेकर मोहम्मद कलाम ने जिला प्रशासन से न्याय सहित अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। हालांकि जिस तरह से अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े हथियार का प्रदर्शन किया जा रहा है और रंगदारी की मांग की जा रही है। ऐसे में कहा जा सकता है कि अपराधियों के मन से बेगूसराय पुलिस का डर बिल्कुल ही खत्म हो चुका है।