Bihar: गिरफ्तारी के बाद दोनों को निगरानी विभाग की टीम पटना ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय या जिला पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जिले के पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली एक बड़ी कार्रवाई में निगरानी विभाग की टीम ने नगर थाना में पदस्थापित एक महिला सब इंस्पेक्टर और एक चौकीदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिला अधिकारी की पहचान सब इंस्पेक्टर सीमा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार चौकीदार का नाम वीरू पासवान बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को दोनों आरोपियों के खिलाफ घूसखोरी की शिकायत पहले से मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार को जाल बिछाया गया और जैसे ही दोनों ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने मौके पर ही उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद दोनों को निगरानी विभाग की टीम पटना ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय या जिला पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस घटना के बाद खगड़िया जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, और आम लोगों में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।